टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर लोकेश राहुल और बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी आज शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इन दोनों की शादी की रस्में पहले ही शुरू हो चुकी हैं। हल्दी और संगीत की रस्म के वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। इस बीच अभिनेता अजय देवगन ने सुनील शेट्टी को उनकी बेटी की शादी पर शुभकामनाएं दी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राहुल और अथिया आज शाम चार बजे सात फेरे लेंगे।
शादी का कार्यक्रम सुनील शेट्ट के बंगले पर रखा गया है। सुनील शेट्टी ने कहा है कि शादी के बाद वह दूल्हे और दूल्हन को घर के बाहर मीडिया और पैपराजी के लिए लेकर आएंगे।

ढाई बजे पहुंचेगी बरात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोकेश राहुल की बरात दोपहर ढाई बजे अथिया शेट्टी के घर पहुंचेगी। इसके बाद दोनों शाम चार बजे सात फेरे लेंगे। शादी के बाद यह जोड़ा मीडिया के लिए फोटो खिंचाने बाहर आएगा।

केले के पत्ते में परोसा जाएगा खाना
अथिया और राहुल की शादी में पारंपरिक तरीके से खाना परोसा जाएगा। सभी मेहमान दक्षिण भारतीय संस्कृति के अनुसार केले के पत्ते पर खाना खाएंगे। इस शादी की तस्वीरें खींचने की जिम्मेदारी जाने-माने फोटोग्राफर रोहन श्रेष्ठ को दी गई है।
अथिया और राहुल की शादी में फोन ले जाने की अनुमति नहीं
लोकेश राहुल और अथिया शेट्टी की शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को फोन के बिना समारोह में आने के लिए कहा गया है। शादी में शामिल होने वाला कोई भी मेहमान फोन लेकर वहां नहीं पहुंचेगा।
शादी में शामिल होंगे 100 मेहमान
राहुल और अथिया की शादी में 100 मेहमान शामिल होंगे। मेहमानों में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसके अलावा बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियां भी शादी में शामिल होंगी। शादी के बाद राहुल और अथिया रिसेप्शन रखेंगे, जिसमें सभी मेहमानों और दोस्तों को बुलाया जाएगा।
अजय देवगन ने राहुल और अथिया की फोटो शेयर कर लिखा “मेरे दोस्त सुनील शेट्टी और माना शेट्टी को उनकी बेटी अथिया की लोकेश राहुल के साथ शादी पर बहुत-बुहत बधाई। युवा जोड़ी को खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं। और अन्ना इस पावन अवसर पर आपके लिए खास एलान।”